मध्य प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। लियर-चंबल संभाग के शिवपुरी, श्योपुर, दातिया, ग्वालियर भिंड के साथ-साथ रीवा जिले के 1171 गांव प्रभावित हुए हैं। इस बीच गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री से मध्य प्रदेश में बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली है। शाह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बाढ़ की स्थिति पर फोन पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गृह मंत्री अमित शाह को मध्य प्रदेश में बाढ़ की वर्तमान स्थिति और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में बताया है। शिवराज सिंह चौहान ने लोगो को रेस्कयू करने में केंद्र सरकार द्वारा मिले सहयोग के लिए गृहमंत्री अमित शाह को धन्यवाद दिया। अमित शाह ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि केंद्र मध्य प्रदेश के साथ है और लोगो को रेस्क्यू करने में जहां जैसी जो भी आवश्यकता होगी उसमें केंद्र द्वारा पूरा सहयोग किया जाएगा।
इस बीच चौहान रात्रि साढ़े दस बजे भी यहां राज्य मंत्रालय स्थित राज्य सिचुएशन रूम पहुंचे और ग्वालियर चंबल अंचल के अधिकारियों से चर्चा की राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। चौहान आज दिन में वायुयान से ग्वालियर जाएंगे और वहां से हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा करेंगे। इसके पहले वे फिर से राज्य सिचुएशन रूम जाकर ताजा हालातों की जानकारी लेंगे।
शिवपुरी, श्योपुर, दतिया, ग्वालियर, भिंड, मुरैना और गुना आदि जिलों में पिछले दो तीन दिनों से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। कल रात तक दो हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। कुल 1171 गांव बाढ़ से प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। क्षेत्र में अब भी कई ग्रामीण बाढ़ के पानी में फसे हैं।
उन्हें बचाने के लिए सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य रात भर चले। सुबह से वायुसेना के हेलीकॉप्टर की मदद से बचाव कार्य फिर प्रारंभ किए गए। हेलीकॉप्टर की मदद से पिछले दो दिनों से दर्जनों ग्रामीणों को बाढ़ वाले क्षेत्र से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। फिलहाल इन क्षेत्रों से जनहानि की सूचना नहीं है।