हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में सैलानियों की बाढ़ से कई जगहों पर लंबे जाम लग चुके है। नए साल का जश्न मनाने के लिए पर्यटक पहाड़ी राज्य का रूख कर रहे है। जिसकी वजह से मनाली (Manali) से लेकर अटल टनल तक कई जगह पर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। घंटों -घंटों तक लोग जाम से जूझ रहे है। मिली जानकारी के अनुसार, मनाली में 8 जगहों पर जाम की स्थिति बनी हुई है। एक घंटे के सफर को पूरा करने में लगभग 3 से 5 घंटे लग रहे है।
सरकार ने की एडवाइजरी जारी
हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी इस स्थिति को देखते हुए अपनी कमर कस ली है। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जाम को हटाने का प्रयास कर रही है। लगभग 5 किलोमीटर तक लगे इस जाम की ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सैलानियों को किसी तरह की समस्या न हो इसलिए हिमाचल प्रदेश सरकार ने हेल्पलाइन नंबर (112) भी जारी किया है। साथ ही सरकार ने एडवाइजरी जारी करके कहा है कि जिन सैलानियों का होटल बुक नहीं है वे राज्य न आए।
नए साल का जश्न मनाने के लिए आमतौर पर हर वर्ष लाखों सैलानी हिमाचल प्रदेश आते है। लेकिन बीते दो वर्षों में कोविड-19 की वजह से प्रयटकों का आवागमन कम हो गया था। हालांकि कोरोना अभी पूर्ण रूप से खत्म नहीं हुआ है लेकिन टीकाकरण के कारण कोरोना संक्रमण की रफ्तार में कमी आई है। बता दें कि बर्फबारी का लुफ्त उठाने के लिए सैलानी अक्सर पहाड़ी राज्यों का भ्रमण करते है। इसी कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
कैसा रहेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, मनाली में आज न्यूनतम तापमान -1 और अधिकतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया है। कल तापमान 0 डिग्री हो सकता है। उम्मीद है कि 29 दिसंबर को बर्फबारी देखने को मिले। बात करें सबसे खास दिन यानी 31 दिसंबर की तो न्यूनतम तापमान शून्य तथा अधिकतम 8 डिग्री रह सकता है। साल के पहले दिन न्यूनतम पारा -1 और अधिकतम 7 डिग्री रहने का अनुमान है।