असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का 84 साल की उम्र में सोमवार शाम को दुनिया को अलविदा कह दिया। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्व शर्मा ने उनके निधन की जानकारी दी। गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती गोगोई की हालत नाजुक बनी हुई थी।
गोगोई का जीएमसीएच के गहन चिकित्सा कक्ष में एक नवंबर से उपचार चल रहा था। वह 21 नवंबर से वेंटिलेटर पर थे। जीएमसीएच के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के विशेषज्ञों के साथ सम्पर्क करके उनकी सेहत की निगरानी कर रही थी। पूर्व मुख्यमंत्री गोगोई अगस्त से तीन बार जीएमसीएच में भर्ती हो चुके थे।
राज्य के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके तरुण गोगोई 25 अगस्त को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद उन्हें जीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। बीस दिनों तक उपचार चलने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था। गोगोई को ऑक्सीजन स्तर कम होने के कारण 24 सितंबर को फिर से अस्पताल में भर्ती कराया गया था और अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी। पूर्व मुख्यमंत्री को एक बार फिर एक नवंबर को इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने आज अंतिम सांस ली।