भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का कृषि क्षेत्र में बढ़ते रूझान को देखते हुए को झारखंड सरकार उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी कर रही है। कृषि विभाग उन्हें झारखंड कृषि का ब्रांड एम्बेसडर बनाने की तैयारी में है। कृषि विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान विभागीय मंत्री और अधिकारियों ने विचार कर यह फैसला लिया है। हालांकि महेंद्र सिंह धोनी को अभी इसकी जानकारी नहीं दी गई है। धोनी अगर राज्य सरकार के इस फैसले को स्वीकार करते हैं तो वह झारखंड में कृषि के ब्रांड एम्बेस्डर होंगे।
गुरुवार को हुई राज्य कृषि विभाग की समीक्षा बैठक के बाद झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि देश का नाम दुनिया भर में रोशन करने वाले भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कृषि, पशुपालन और कुक्कुट पालन में कदम बढ़ा कर कृषि जगत को भी गौरवान्वित किया है। इसलिए कृषि विभाग ने फैसला लिया है कि वह महेंद्र सिंह धोनी को विभाग का ब्रांड एम्बेस्डर बनाएंगे। उन्होंने बताया कि विभाग के अधिकारी समय मिलते ही धोनी से मुलाकात कर उन्हें विभाग का ब्रांड एम्बेसडर बनने का आग्रह करेंगे।
अभी हाल ही में भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी खाद्य और पेय पदार्थ स्टार्टअप ‘सेवन इंक ब्रूज’ के हिस्सेदार बन गए हैं और उनके अपने मशहूर हेलिकॉप्टर शॉट से प्रेरित चॉकलेट भी मंगलवार को लांच की. मुंबई स्थित इस कंपनी के संस्थापक मोहित भागचंदानी और सह संस्थापक आदिल मिस्त्री और कुणाल पटेल हैं।
चॉकलेट और पेय पदार्थों ( अल्कोहल और बिना अल्कोहल वाले ) की नई रेंज ब्रांड ‘कॉप्टर सेवन’ के तहत लांच की गई जो धोनी के हेलिकॉप्टर शॉट और उनकी जर्सी से प्रेरित है। धोनी ने इस मौके पर कहा था कि ‘जब आप किसी कंपनी के नजरिये से प्रभावित होते हैं तो यह भागीदारी और सार्थक हो जाती है। मुझे इस कंपनी का हिस्सेदार बनने की बहुत खुशी है।