झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास शनिवार को पूजा अर्चना के लिए बासुकीनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा बासुकीनाथ का पूजा अर्चना कर वैश्विक शांति के लिए मंगल कामना किया। वहीं सोरेन सरकार पर कटाक्ष करते हुए दास ने कहा कि प्रदेश में आसुरी शक्ति का बोलबाला है। इससे जनता को निजात दिलाने के लिए फौजदारी नाथ के दरबार में गुहार लगाने आए हैं। आशा है बाबा के दर पर जनता के त्राहिमाम संदेश पर सुनवाई जरूर होगी। जनता को गुमराह कर धोखे से हथियाई गई भ्रष्ट और लुटेरी सरकार का सूरज जल्द ही डूबने वाला है।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने रघुवर दास का गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुए नारा लगाया। उधर एक अन्य धार्मिक कार्यक्रम में महाराजगंज के भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल बासुकिनाथ के दरबार में फरियाद के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने पूरे विधि विधान के साथ पूजा अर्चना कर आत्मिक सुख शांति के साथ राष्ट्र की खुशहाली का बाबा से आशीर्वाद मांगा।
मौके पर पूर्व सांसद अभय कांत प्रसाद नगर अध्यक्ष स्वरूप कुमार सिन्हा बैजनाथ पांडे संदीप पांडे आशुतोष सिंह गौरव कांत प्रसाद पूनम देवी निवास मंडल रविकांत मिश्रा जय किशोर साह मनोरमा देवी आनंदी देवी कार्तिक राव नरेश पंडा प्रवीण सिंह कपिल देव मंडल महेश गन कुंदन मंडल बालमुकुंद ठाकुर रोहित दास पंकज किस्कु आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।