12 फरवरी को राज्यसभा में टीएमसी सांसद के पद से इस्तीफा देने वाले दिनेश त्रिवेदी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुए। दिनेश त्रिवेदी ने भाजपा में शामिल होने पर कहा कि यह स्वर्णिम क्षण है, जिसका मुझे इंतजार था। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने तृणमूल कांग्रेस को नकार दिया है। बंगाल की जनता तरक्की चाहती है वो हिंसा और भ्रष्टाचार नहीं चाहती। राजनीति कोई ‘खेला’ नहीं होता, ये एक गंभीर चीज है। खेलते-खेलते वो(ममता बनर्जी) आदर्श भूल गई हैं।
वहीं बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि आज मुझे बहुत खुशी हो रही है कि दिनेश त्रिवेदी जी को हम भाजपा में शामिल कर रहे हैं। मैं अपनी ओर से, अपने सभी साथियों और करोड़ों कार्यकर्ताओं की तरफ से उनका हार्दिक अभिनंदन और स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि दिनेश त्रिवेदी जी का एक लंबा राजनीतिक अनुभव रहा है और उन्होंने एक वैचारिक यात्रा राजनीति में की है। सत्ता को दरकिनार करते हुए, विचार की लड़ाई लड़ते हुए उन्होंने अपना जीवन गुजारा है।
जे पी नड्डा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस में भ्रष्टाचार, अवसरवादिता, लोकतंत्र की हत्या, संस्थाओं का गला घोंटना, ये सब कुछ विराजमान है। इसीलिए संवेदनशील और विवेकशील व्यक्तित्व के धनी दिनेश त्रिवेदी ने तृणमूल को छोड़कर आज भाजपा को जॉइन किया है।
उन्होंने कहा कि जब मैं दिनेश त्रिवेदी की बात करता था तो मैं हमेशा कहता था कि वो एक अच्छे व्यक्ति गलत पार्टी में हैं और ये वो भी महसूस करते थे। अब सही व्यक्ति सही पार्टी में है, जहां हम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनका उपयोग देश की सेवा में कर सकेंगे। बता दें कि तृणमूल कांग्रेस के नेता और पूर्व रेलमंत्री दिनेश त्रिवेदी ने ‘‘पश्चिम बंगाल में हिंसा’’ और ‘‘घुटन’’ का हवाला देते हुए 12 फरवरी को राज्यसभा में अपनी सदस्यता से त्यागपत्र देने की घोषणा की थी।


Download Android App
Download iOS App



