कोरोना वायरस (कोविड-19) के फैलाव को देखते हुए देश भर में लॉकडाउन जारी है। लॉकडाउन के बीच सड़क दुर्घटना में मजदूरों की मौत का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज यानि रविवार को ऑइल से भरे टैंकर और दुपहिया वाहन में भिड़ंत के चलते पति पत्नी और दो बच्चियों की मृत्यु हो गई।
इस दुर्घटना में मृतक दम्पति के दो बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक ये लोग महाराष्ट्र से इंदौर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुआ। सेंधवा ग्रामीण थाना के नगर निरीक्षक विश्वदीप सिंह परिहार के अनुसार मंदसौर से लिनसीड ऑइल भरकर तमिलनाडु के उडुपी ले जा रहा टैंकर तकनीकी त्रुटि के चलते मध्यप्रदेश महाराज सीमा पर बीजासन से कुछ दूर राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में जाकर पलट गया, जिसके चलते सामने से आ रहा दुपहिया वाहन पर सवार परिवार उसके नीचे दब गया।
कोविड-19 : राजस्थान में संक्रमितों की संख्या 5000 के पार, अब तक 128 लोगों ने गंवाई जान
घटना में पति, पत्नी और उनकी 5 व 3 वर्ष की पुत्रियों की मृत्यु हो गई तथा 2 माह का पुत्र व 2 वर्ष की पुत्री घायल हो गए। इसके अलावा टैंकर चालक व सहचालक भी घायल हुआ है। उन्हें घटनास्थल से 18 किलोमीटर दूर सेंधवा स्थित शासकीय सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल हताहतों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। घटना के चलते कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन भी बाधित हुआ।