जी किशन रेड्डी ने तेलंगाना के बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा, हर संभव मदद करने का ऐलान

Summary :

केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने गुरुवार को कहा कि बारिश से बुरी तरह प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद करने के लिए गृह मंत्रालय राज्य में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अर्द्धसैनिक बलों की अधिक टुकड़ियों को तैनात करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद समेत अन्य हिस्सों में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनजर स्थिति का जायजा लेने पहुंचे केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने गुरुवार को कहा कि बारिश से बुरी तरह प्रभावित इलाकों में लोगों की मदद करने के लिए गृह मंत्रालय राज्य में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अर्द्धसैनिक बलों की अधिक टुकड़ियों को तैनात करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। 
रेड्डी ने गुरुवार को बारिश से बुरी तरह प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और परेशानियों का सामना कर रहे लोगों को जल्द मदद का आश्वासन भी दिया। गृह राज्य मंत्री ने अधिकारियों तथा एनडीआरएफ की टीमों को प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान तेज करने के निर्देश भी दिए।
 उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द, सरकार प्रभावित इलाकों में लोगों की हर संभव मदद करने के लिए तैयार है। उन्होंने लोगों से अपने घरों में ही रहने की अपील की। रेड्डी ने इस विकट एवं चुनौतीपूर्ण समय में आगे आकर लोगों की मदद करने वाले स्वयंसेवकों, गैर-सरकारी संगठनों तथा अन्य लोगों का विशेष रूप से आभार भी व्यक्त किया।

Ujjwal Jain