ठाणे : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र में मुंबई महानगर क्षेत्र में 1,600 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग-तीन (नया एनएच-848) के चार लेन के वडापे से ठाणे खंड को आठ लेन का करने की परियोजना तथा शाहपुर, मुर्बाद, करजात और खपोली (एनएच-3 और एनएच-4 के तहत) को जोड़ने वाली सड़क को चार लेन का करने की परियोजना शामिल है। गडकरी ने कहा कि बड़ौदा -मुंबई राजमार्ग पर काम अगले 15 दिन में शुरू होने की उम्मीद है। इन 1,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं में से 1,183 करोड़ रुपये की राजमार्ग चौड़ीकरण परियोजना शामिल है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने यह परियोजना एमईपी इन्फ्रा को दी है। इस परियोजना के तहत वडापे से ठाणे खंड को आठ लेन का किया जाना है। कंपनी ने बयान में कहा कि उसने इस परियोजना के लिए वित्त का प्रबंध कर लिया हैं परियोजना के लिए कंपनी ने यस बैंक की अगुवाई वाले बैंकों के गठजोड़ से 567.8 करोड़ रुपये के वित्तपोषण का करार किया गया है। इस 1,182.87 करोड़ रुपये की परियोजना का क्रियान्वयन हाइब्रिड एन्यूटी आधार पर किया जाएगा।
गडकरी ने कहा कि प्रस्तावित 12 लेन के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के लिए सरकार ने आदिवासियों से जमीन के अधिग्रहण का नया तरीका अपनाया है। उन्होंने कहा कि इससे जहां क्षेत्र के विकास में मदद मिलेगी वहीं भूमि अधिग्रहण पर धन की बचत भी होगी। गडकरी ने इस मौके पर जलमार्गों को भी प्रोत्साहन देने पर जोर देते हुए कहा कि यह एक तेज और सस्ता परिवहन का साधन है। उन्होंने कहा कि ठाणे और आसपास कई जलमार्ग परियोजनाएं जल्द वास्तविकता बन जाएंगी।