देहरादून : उत्तराखंड के देहरादून स्थित नारी निकेतन में 28 संवासनियों के अस्वस्थ होने के सूचना समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद राज्यपाल बेबी रानी मौर्य नारी निकेतन का औचक निरीक्षण करने पहुंची। श्रीमती मौर्य ने नारी निकेतन में पहुंचकर संवासिनियों को फल एवं मिष्ठान भेंट किये। नारी निकेतन की कई संवासिनियों का स्वास्थ्य खराब होने की खबर का संज्ञान लेते हुए राज्यपाल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस. के. गुप्ता और उपजिलाधिकारी सदर प्रत्यूष सिंह को भी तलब किया। उन्होंने नारी निकेतन की व्यवस्थाओं को और सुधारने की हिदायत देते हुए जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को प्रतिमाह रिपोर्ट देने को कहा है।
कूड़े के ढेरों से निजात दिलाने के लिए कांग्रेस ने राज्यपाल से दखल देने को कहा
राज्यपाल ने सी.एम.ओ को नारी निकेतन की रसोई और खाद्य सामाग्री की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्वयं वहां बनाये जा रहे भोजन को भी चखा। सी.एम.ओ ने बताया कि वर्तमान में चार संवासिनियां दून अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार महिला डॉक्टर की टीम नारी निकेतन की संवासिनियों की जांच करती है। राज्यपाल ने निरीक्षण के दौरान वहां चल रहे कुछ निर्माण कार्यों में पुरूष सुपरवाइजर की उपस्थिति पर सख्त नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने नारी निकेतन की अधीक्षिका को इस संबंध में निर्देश दिए कि इस प्रकार की परिस्थिति में महिला सुपरवाइजर की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।