गुजरात के कच्छ में एक महिला को बचाने की कोशिश में नर्मदा में कूदे एक ही परिवार के पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को रेस्क्यू कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों में दो महिलाएं, दो पुरुष और 15 वर्षीय एक किशोरी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, गुंडाला गांव कि रहने वाली महिला नर्मदा नहर से पानी लाने गई थी। उसी दौरान महिला फिसलकर नहर में फंस गई। जब परिवार को पता चला तो कई सदस्य नहर में कूद पड़े। इस दौरान सभी की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं, दो पुरुष और 15 वर्षीय एक किशोरी शामिल है।
कच्छ पश्चिम के एसपी सौरभ सिंह ने बताया कि मुंद्रा के गुंडाला गांव में नर्मदा नहर में एक ही परिवार के 5 सदस्य डूब गए। पुलिस ने सभी शवों को बरामद कर लिया है। पानी लाते समय नहर में फिसली महिला को बचाने के लिए परिवार के सदस्य नहर में कूद गए थे।
मोरबी हादसे में गई थी 135 लोगों की जान
हाल ही में 30 अक्टूबर को गुजरात के मोरबी में बड़ा हादसा हुआ था। मच्छु नदी में बना केबल ब्रिज अचानक टूट जाने से 135 लोगों की मौत हो गई थी। एक साथ इतने बड़े स्तर पर हुई मौतों ने देश को हिलाकर रख दिया था। हादसे के वक्त पुल पर 400 से ज्यादा लोग मौजूद थे। यह पुल करीब एक सदी पुराना था और मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य के बाद हाल ही में इसे जनता के लिए खोला गया था।