गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार को वड़ोदरा के निजामपुरा इलाके में आगामी निकाय चुनाव के लिए एक रैली को संबोधित करते समय मंच पर बेहोश हो गए थे। उनकी सभी रिपोर्ट सामान्य आई थी लेकिन 24 घंटे तक उन्हें अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया था और अब वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए है।
राज्य के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने बताया कि रूपाणी की तबीयत ठीक है लेकिन फिर भी 24 घंटे तक उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को फोन पर रूपाणी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। मोदी ने रूपाणी से नियमित जांच कराने और आराम करने को कहा।
रूपाणी जिस रैली में बेहोश हुए, वह वड़ोदरा में रविवार को उनकी तीसरी राजनीतिक रैली थी। वड़ोदरा सहित छह नगर निगमों के चुनाव 21 फरवरी को होंगे, जबकि नगरपालिकाओं, जिला और तालुका पंचायतों के चुनाव 28 फरवरी को होंगे।
वड़ोदरा में रविवार को आगामी निकाय चुनाव के लिए एक रैली को संबोधित करते हुए रूपाणी ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में लव जिहाद के खिलाफ सख्त कानून जल्द लाएगी।
उन्होंने कहा कि हम लव जिहाद के खिलाफ विधानसभा में कानून लाने जा रहे हैं। आने वाले दिनों में भाजपा सरकार लव जिहाद के खिलाफ सख्त कानून लाएगी। उल्लेखनीय है कि भाजपा शासित उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में ऐसा कानून लाया जा चुका है।