गुजरात में शादी के लिए जबरन धर्म परिवर्तन कराना एक बड़ा अपराध है। राज्य पुलिस ने इस कानून के तहत वडोदरा के 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। समीर क़ुरैशी नाम के आरोपी ने खुद को ईसाई बताकर दूसरे धर्म की महिला को अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद उसको ब्लैकमेल कर जबरन शादी कर ली।
शिकायत के अनुसार वडोदरा में गोत्री पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और समीर क़ुरैशी नाम के व्यक्ति को गुजरात धर्म की स्वतंत्रता (संशोधन) अधिनियम, 2021 के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस उपायुक्त-जोन 2 (वडोदरा शहर) जयराज सिंह ने बताया कि क़ुरैशी अपने पिता के साथ मांस की दुकान चलाता है। उस पर आरोप है कि उसने खुद को ईसाई बताकर दूसरे धर्म की महिला को अपने जाल में फंसा लिया। उसने सोशल मीडिया पर 2019 में महिला को अपना नाम सैम मार्टिन बताया था।
उन्होंने संवाददाताओं को बताया, ‘‘शिकायतकर्ता के अनुसार, कुरैशी ने सोशल मीडिया पर अपनी फर्जी पहचान के जरिए महिला को प्रेम के नाम पर फंसा लिया और उससे दुष्कर्म किया। आरोपी ने इसके बाद महिला की आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए उसे ब्लैकमेल कर जबरन शादी कर ली। उसने अपने संबंध के दौरान महिला को गर्भपात के लिए भी मजबूर किया था।’’
अधिकारी ने बताया कि महिला को उस समय उसके धर्म का पता चला जब उसने शादी के लिए हामी भरी लेकिन फिर पाया कि शादी ईसाई धर्म के रीति-रिवाज के अनुसार नहीं हो रही था और इसकी जगह ‘निकाह’ का आयोजन हुआ। शादी के बाद आरोपी ने पहले तो उसका नाम बदल दिया और फिर उसे धर्म बदलने को मजबूर करने लगा। आरोपी पीड़ित को जातिसूचक गालियां भी देता था। गुजरात में धर्म की स्वतंत्रता (संशोधन) अधिनियम, 2021 के तहत शादी के जरिए जबरन धर्म परिवर्तन पर कड़ी सजा का प्रावधान है।