हल्द्वानी : नेता प्रतिपक्ष डाॅ इंदिरा हृदयेश ने शुक्रवार को नगर के सरकारी चिकित्सालयों का दौरा करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां भर्ती मरीजों से मिल रही सुविधाओं के बावत जानकारी जुटाई और स्वास्थ्य सेवाओं को नाकाफी बताया। इस मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री से वार्तालाप करने की बात कही। नेता प्रतिपक्ष डाॅ इंदिरा हृदयेश शुक्रवार की प्रातः अचानक सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय जा पहुंची।
जहां उन्होंने इमरजेंसी वार्ड का दौरा किया और वहां भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। इसके बाद अस्पतालों के अन्य वार्डों का भी निरीक्षण किया। जहां उन्होंने मरीजों से बात की। उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि डेंगू व बुखार रोगियों की बढ़ रही तादाद के बावजूद अस्पताल में बेडों की संख्या सीमित है और एक-एक बेड पर दो-दो मरीजों को भर्ती करना पड़ रहा है। उन्होंने पीएमएस डाॅ हरीश लाल से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से अस्पतालों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कहा कि इस मामले में वह मुख्यमंत्री से बात करेंगी और अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधायें बेहतर करे जाने को कहेंगी। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष ने सुशीला तिवारी अस्पताल का दौरा किया और वहां भी मरीजों का हाल जाना। उन्होंने एसटीएच में भर्ती मरीजों से भी उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में वार्ता की। डाॅ हृदयेश ने चिकित्सा अधीक्षक अरूण जोशी से भी बातचीत की और मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं का पूर्ण लाभ देने को कहा।