देहरादून : महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून शहर में फैल रहे डेंगू, स्वास्थ्स सेवाओं एवं नगर निगम द्वारा शहर की सफाई व नालों की सही व्यवस्था न किये जाने के विरोध में एस्लेहाॅल चौक पर सरकार, प्रशासन, नगर निगम एवं स्वास्थ विभाग का पुतला दहन किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि शहर में स्वास्थ व्यवस्था ठप्प पड़ी हैं, जिससे पूरे शहर में डेंगू से सैकड़ों लोग बीमार पड़े हैं। सरकारी अस्पतालों में इस जानलेवा बीमारी की सरकार व प्रशासन द्वारा सही व्यवस्था नहीं की जा रही है, जिससे जनता काफी परेशान है।
सरकारी अस्पतालों में बैडों की समुचित व्यवस्था न होने के कारण दो लोगों का एक ही बैड में उपचार चल रहा है जिससे जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि यदि राजधानी का यह हाल है तो अन्य जनपदों क्या हाल होगा। शर्मा ने राज्य सरकार व प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि यदि डेंगू जैसी खतरनाक बीमारी को रोकने के लिए सही इंतजामात नहीं किये गये तो इसके भयानक परिणाम होंगे।
इसके अलावा उन्होंने सरकार से मांग की कि देहरादून शहर में मृतक के शव को घर लेने के लिए एम्बुलेंस सेवा निःशुल्क दी जाय, मोर्चरी में सफाई व्यवस्था की जाय, ओपीडी में डाॅ की प्रमानेंट नियुक्ति की जाय एवं आयुष्मान योजना को सुचारू रूप से चलाये जाने हेतु एक चिकित्सक की नियमित नियुक्ति की जाय ताकि जनता को उपचार करने हेतु असुविधा न हो।
इस अवसर पर महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्षा कमलेश रमन, महानगर प्रवक्ता डाॅ प्रतिमा सिंह, राजेश शर्मा, संजय काला, नागेश रतूड़ी, प्रदेश प्रवक्ता शोभा राम, पार्षद अर्जुन सोनकर, मेहताब आलम, काशिम चौधरी, जगदीश धीमान, नवीन रमोला, श्रवण राजोरिया, संजय सैनी आदि सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।