देहरादून : राष्ट्रीय पिता महात्मा गांधी की 150 वीं जन्मशती पर भारत सरकार द्वारा प्रायोजित कार्यक्रम के तहत पांवटा हिमाचल प्रदेश से साईकिल रैली सेलाकुई पहुंची। स्वस्थ भारत यात्रा के माध्यम लोगों को स्वस्थ रहने के टिप्स दिए गये। स्थानीय सेलाकुई में स्कूली छात्र व छात्राओं, एनसीसी कैडेटों, स्वंयसेवी संस्थाओं ने प्रभात फेरी निकालकर स्वस्थ रहने के लिए जागरूकता अपनाये जाने पर जोर दिया। स्वस्थ भारत यात्रा के तहत् स्थानीय स्पाइस होटल प्रांगण में सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर विधायक ने भारत सरकार द्वारा प्रायोजित कार्यक्रम में लोगों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों से आधुनिक जीवन शैली में बदलाव लाने, प्रोट्रीनयुक्त आहार एवं शारीरिक व्यायाम करने पर जोर दिया। उन्होंने यात्रा के सुव्यवस्थित ढंग से चलाये जाने की बात कही। स्वस्थ भारत यात्रा के तहत् सेलाकुई में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जनजागरूक किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी विकासनगर जितेन्द्र कुमार ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को आवश्यक हिदायत भी दी।
कार्यक्रम में स्वस्थ्य भारत यात्रा के नोडल अधिकारी श्रीमती विजेता एवं राज्य समन्वयक आर.एस रावत ने लोगों को स्वस्थ रहने के टिप्स देते हुए कहा कि प्रोटीनयुक्त आहार के साथ ही योग, प्राणायाम का उपयोग करने की हिदायत दी। कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि आज से ही कम चीनी, कम नमक व कम तेल का प्रयोग किया जाय तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाय। उन्होंने बताया कि स्वस्थ्य भारत यात्रा के तहत साईकिल रैली सेलाकुई से कल 11 बजे चलकर पवेलियन मैदान पंहुचेगी फिर अगले रोज ऋषिकेश, हरिद्वार, रूड़की होते हुए दिल्ली को प्रस्थान करेगी।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षक संजीव ने योग एवं प्रणायाम के माध्यम से शरीर स्वस्थ बनाने के टिप्पस दिए। कार्यक्रम में सेलाकुई औद्योगिक इकाई के अध्यक्ष अनिल मरवाह, महेश शर्मा, रमेश जोशी, उत्तराखण्ड खाद्य सुरक्षा अधिकारी जी.सी कंडवाल, एनसीसी लेफ्टिनेंट संगीता, सूबेदार मानबहादुर समेत स्वंयसेवी संगठनों के पदाधिकारियों के अलावा एनसीसी कैडेट व स्थानीय शिक्षण संस्थाओं के छात्र व छात्राएं उपस्थित रहे।
– सुनील तलवाड़