देश में स्वर्ग के समान कहे जाने वाला हिमाचल प्रदेश एक बार फिर प्रकृति का कहर झेल रहा है। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बुधवार को भूस्खलन होने से 40 से अधिक लोग उसकी चपेट में आ गए। इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बुधवार को बातचीत की।
गृह मंत्री ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) को बचाव एवं राहत अभियानों में हिमाचल प्रदेश सरकार को सभी प्रकार की सहायता देने का निर्देश दिया है। मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि शाह ने राज्य में भूस्खलन के बारे में जानकारी लेने के लिए मुख्यमंत्री से बात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को स्थिति से निपटने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया।
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बुधवार को हुए बड़े भूस्खलन में मलबे के नीचे सड़क परिवहन की बस समेत अनेक वाहन दब गए। बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। बस किन्नौर के रेकॉन्ग प्यो से शिमला जा रही थी। किन्नौर के उपायुक्त ने बताया कि सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और स्थानीय बचाव दलों को बचाव कार्य के लिए बुलाया गया। सादिक ने बताया कि पत्थर अब भी गिर रहे हैं जिससे बचाव अभियान में कठिनाई आ रही है।