कांग्रेस के कुछ नेताओं सहित सैकड़ों लोगों ने मंगलवार शाम को गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निजी आवास तक मार्च कर उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने बीमार मुख्यमंत्री की जगह एक पूर्णकालीन मुख्यमंत्री नियुक्त करने की भी मांग की।
”पीपुल्स मार्च फॉर रिस्टोरेशन ऑफ गवर्नेंस” के बैनर तले लोगों ने करीब एक किमी तक मार्च किया और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए पर्रिकर को 48 घंटे का ‘अल्टीमेटम’ दिया। कांग्रेस के अलावा राकांपा और शिवसेना सहित अन्य दलों ने भी विरोध मार्च को समर्थन दिया। इस मार्च की पहल सामाजिक कार्यकर्ताओं और गैर सरकारी संगठनों ने की थी।
प्रदर्शनकारियों ने यह मांग की कि पर्रिकर (62) मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दें क्योंकि वह बीमार हैं। पुलिस ने प्रदर्शन को मुख्यमंत्री के निजी आवास से 100 मीटर पहले ही रोक दिया। डिप्टी कलेक्टर शशांक त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने खराब स्वास्थ्य के चलते प्रदर्शनकारियों से मिलने से इनकार कर दिया।


Download Android App
Download iOS App




