महाराष्ट्र में अगली सरकार के गठन को लेकर बीजेपी और शिवसेना के बीच चल रही खींचतान पर राकांपा के एक नेता ने कार्टून बनाकर कटाक्ष किया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रवक्ता क्लाइड क्रस्टो द्वारा मंगलवार को जारी कार्टून में, बीजेपी के चुनाव चिह्न ‘कमल’ के ऊपर शिवसेना के चुनाव चिह्न ‘धनुष और तीर’ को दिखाया गया है।
कार्टून में तीर को कमल पर निशाना साधे दिखाया गया है। कार्टून में मराठी में कैप्शन लिखा हुआ है, ‘‘एक कहावत है, सर पर लटकना…’’ मराठी में, एक कहावत है ‘‘डोक्यावर टांगती तलवार, जो अंग्रेजी के एक कहावत के समान है- ‘स्वार्ड ऑफ डेमोकल्स हैंग्स ओवर हेड’, इसी के समान हिंदी में एक मुहावरा है- ‘सिर पर तलवार लटकना’…..इन मुहवरों का अर्थ है कि कुछ बुरा होने वाला है या कोई खतरा मंडरा रहा है।
एक म्हण आहे, डोक्यावर टांगती…
My Artwork#ElectionResults2019 #MaharashtraAssemblyElections #MaharashtraElections2019 #MaharashtraAssemblyPolls pic.twitter.com/ikuyRqdTnl
— Clyde Crasto (@Clyde_Crasto) October 29, 2019
गौरतलब है कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी सत्ता के बंटवारे में 50-50 के फार्मूले पर अड़ी हुई है, जिसके तहत दोनों पार्टियों के पास ढाई-ढाई साल तक मुख्यमंत्री पद रहेगा। बीजेपी के वरिष्ठ नेता चंद्रकांत पाटिल ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र में अगली सरकार के गठन के लिये सत्ता साझेदारी के ’50:50′ फॉर्मूले को अंतिम रूप देंगे।
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक इस साल लोकसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर हुई बातचीत में ‘सत्ता के समान साझेदारी को लेकर सहमति बनी थी न कि मुख्यमंत्री पद को लेकर।’ विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से ही शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे दावा कर रहे हैं कि लोकसभा चुनाव से पहले शाह और मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस सत्ता साझेदारी के 50:50 फॉर्मूले पर सहमत हुए थे।
हाल ही में संपन्न महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 105 सीटें जीती हैं, जबकि शिवसेना को 56 सीटें मिली हैं। राकांपा और कांग्रेस ने क्रमश: 54 और 44 सीटें जीती हैं।


Download Android App
Download iOS App



