महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि उनके इस बयान के लिए देश उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। ठाकरे रविवार को नरेंद्र मोदी की उस टिप्पणी के संबंध में अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें उन्होंने कहा था कि, राजीव गांधी को उनके दरबारी ‘मिस्टर क्लीन’ कहते थे लेकिन उनका अंत ‘भ्रष्टाचारी नंबर 1’ के रूप में हुआ।
राज ठाकरे ने कहा, ‘घृणा, अंतहीन झूठ और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा लांघने में कोई हिचक नहीं, ये तीन ऐसी बाते हैं जो नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की पहचान बन गई हैं।’ उन्होंने कहा, ‘दिवंगत राजीव गांधी पर दिए उनके हालिया बयानों से यह और स्पष्ट होता है और देश उन्हें इसके लिए बिल्कुल माफ नहीं करेगा।’ इसी के साथ राज ठाकरे भी विपक्ष के कई शीर्ष नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्होंने राजीव गांधी पर दिए मोदी के बयानों की आलोचना की है।
श्रीलंका के तमिल आत्मघाती हमलावरों ने 21 मई 1991 को राजीव गांधी की हत्या कर दी थी। इस बार मनसे प्रमुख ने महाराष्ट्र में मोदी और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ लगभग दर्जन भर राजनीतिक जनसभाओं को संबोधित किया, हालांकि उनकी अपनी पार्टी मनसे 2019 लोकसभा चुनाव में एक भी सीट पर चुनाव नहीं लड़ रही है।


Download Android App
Download iOS App




