राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 74वीं पुण्य तिथि के मौके पर रविवार को कांग्रेस पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि देश के लिए महात्मा गांधी की विचारधारा राह दिखाने वाली रोशनी की तरह है। हमारा देश राष्ट्रपिता गांधी के दिखाए रास्ते पर चलेगा न कि हिंदुत्व की राह पर। नाना पटोले ने आगे कहा कि गांधीवादी विचार हमारे देश की जड़ों में समाए हुए हैं और उन्हें कोई भी कभी भी समाप्त नहीं कर सकता है।
महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मध्य मुंबई में पार्टी कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पटोले ने कहा कि गांधीवादी विचारधारा की जड़ें देश में गहरीं हैं और कोई भी उन्हें खत्म नहीं कर सकता है। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘गांधीवादी दर्शन को दुनिया भर में स्वीकार किया गया है। देश हिंदुत्व पर नहीं, गांधीजी की शिक्षाओं पर आगे बढ़ेगा।’’ उन्होंने यह भी कहा कि गांधीजी अपनी शिक्षाओं के माध्यम से आज भी जीवित हैं।
पटोले ने कहा, ‘‘गांधी एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं। उनके अहिंसा के उपदेश को दुनिया भर में स्वीकार किया गया है। देश की आजादी और संविधान इस समय खतरे में है और हमें उनकी रक्षा के लिए सतर्क रहना होगा।’’ इससे पहले दिन में, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि ‘‘हिंदुत्ववादियों’’ को लगता है कि गांधी जी नहीं रहे, लेकिन जहां सत्य है, वहां वह अब भी जीवित हैं।