मध्य प्रदेश के इंदौर से गणेश प्रतिमाओं के अपमानजनक विसर्जन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले से सम्बंधित 9 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। वायरल वीडियो में इंदौर की जवाहर टेकरी पर गणेश प्रतिमाओं नगर निगम कर्मचारी अपमानजनक तरीके से तालाब में फेंक रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक नगर निगम ने रविवार को अनंत चतुर्दशी पर शहरभर से मूर्तियां इकट्ठा की थी, जिन्हें विसर्जन के लिए जवाहर टेकरी लाया गया। मूर्तियों को इस दौरान नगर निगम कर्मचारी अपमानजनक तरीके से तालाब में फेंक रहे थे। वहीं जिस पानी में मूर्तियों का विसर्जन किया गया, वह बहुत गंदा था।
घटना पर इंदौर नगर आयुक्त प्रतिभा पाल ने मंगलवार को कहा कि ज़ोनल आधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त इसमें लिप्त 9 कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर उनके खिलाफ FIR दर्ज करवाने के निर्देश दिए हैं। जिन लोगों के खिलाफ एक्शन हुआ है, उनमें सुपरवाईजर शैलेंद्र निम्बा सहित राजेश, मुकेश, लखन, राजू, मदन, हेमराज, सुनील, करण हैं।
वीडियो पर आक्रोशित नागरिक इस कृत्य से अपनी धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कहते हुए सोशल मीडिया पर आईएमसी प्रशासन की तीखी आलोचना कर रहे हैं। इस वीडियो में ट्रकों में सवार कुछ लोग भगवान गणेश की प्रतिमाओं को एक तालाब में धड़ाधड़ फेंकते नजर आते हैं।