अल्मोड़ा : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को परिवार सहित जागेश्वरधाम पहुंचे। उन्होंने विभिन्न मंदिरों के दर्शन कर परिवार सहित शिवार्चन किया। वह दो दिनों तक जागेश्वर धाम में भ्रमण करेंगे। उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य परिवार के साथ रविवार को प्रात: जागेश्वरधाम पहुंचे। मंदिर के प्रबंधक भगवान भट्ट, धाम के पुजारियों और प्रशासन की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया।
प्रबंधक भट्ट ने डिप्टी सीएम को विभिन्न मंदिरों के दर्शन करवाये। केशव प्रसाद मौर्य ने जागेश्वरधाम में पूर्ण विधि-विधान के साथ शिवार्चन किया। श्रावण के तृतीय सोमवार को भी वे विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे। घने देवदार के जंगल के मध्य स्थित विश्व प्रसिद्ध जागेश्वरधाम की अनुपम छटा और लोगों की अपार आस्था को देखते हुए उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य काफी प्रसन्न दिखे।
उन्होंने इस पावन धाम को प्रकृति का अनमोल उपहार बताते हुए इसे आध्यात्म का संगम बताया। उन्होंने मंदिर प्रबंधन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए इस पावन स्थल की सुंदरता को अक्षुण्ण बनाये रखने की अपील की है।