महाराष्ट्र में टीकाकरण की संख्या को लेकर शुक्रवार को राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच ट्विटर पर जुबानी जंग हुई। केद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने महाराष्ट्र सरकार को टीकाकरण की रफ्तार में तेजी लाने को कहा तो पलटवार करते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दावा किया कि अब तक देश में सबसे अधिक उनके राज्य में लोगों को कोविड-19 के टीके लगाए गए हैं।
टोपे ने यह भी कहा कि अगर केंद्र सरकार सहायता दे तो राज्य प्रतिदिन तीन लाख लोगों का टीकाकरण करने के लक्ष्य को भी प्राप्त कर सकता है।
जावड़ेकर ने शुक्रवार को ट्वीट करके कहा, ”केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन और कोविड के राष्ट्रीय कार्य बल के अध्यक्ष डॉ वी के पॉल से चर्चा की। उन्होंने महाराष्ट्र को टीके की आपूर्ति बढ़ाने का आश्वासन दिया है। मैं महाराष्ट्र सरकार से आग्रह करता हूं कि वह कल से टीकाकरण की संख्या दोगुनी कर दे।”
इस ट्वीट के बाद टोपे ने पलटवार करते हुए महाराष्ट्र में टीकाकरण की तेज रफ्तार का दावा किया। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 36,952 केस आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 2,600,833 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 111 लोगों की जान गई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 53,795 हो गई. पिछले 24 घंटे में 20,444 लोग ठीक हुए हैं, जिसके बाद महाराष्ट्र में रिकवरी रेट 2,283,037 हो गया। अब राज्य में 264,001 एक्टिव मामले हैं। अकेले मुंबई की बात करें तो शुक्रवार को यहां 5513 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ भी मुंबई में कुल मामले 3,85,628 हो चुके हैं।