झारखंड में बाइक चोरी के शक में एक मुस्लिम युवक की भीड़ द्वारा पिटाई किये जाने से 4 दिन बाद मौत हो गई। झारखंड के खरसवां में चोरी करने के शक में मुस्लिम युवक को पुलिस को सौंपने से पहले भीड़ ने जमकर पिटाई की। पिटाई के दौरान युवक से भीड़ द्वारा ‘जय श्री राम’ और ‘जय हनुमान’ के नारे लगाने को मजबूर किया गया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। युवक की पहचान 24 साल के तबरेज अंसारी के रूप में हुई है। तरबेज़ को भीड़ ने बीते मंगलवार शाम को पकड़कर खंभे से बांध दिया था और सात घंटे से ज़्यादा समय तक उसकी पिटाई की और उसे बुरी हालत में बुधवार सुबह को पुलिस के हवाले कर दिया था। और शनिवार को तबरेज को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई।
वहीं तबरेज़ की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि तबरेज की सांसें चलने के बावजूद उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों की मांग पर उसे टीएमएच रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत होने की पुष्टि की। इससे पहले तबीयत बिगड़ने पर तबरेज को जेल से सदर अस्पताल लाया गया था।
टीएमएच में भी परिजनों का हंगामा जारी रहा। आरोप लगाया कि तबरेज को साजिशन मारा गया है। हालांकि इस मामले में एक आरोपी की पहचान पप्पू मंडल के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। तबरेज अंसारी महाराष्ट्र के पुणे में वेल्डिंग का काम करता था। मृतक तबरेज की पत्नी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गयी है। रविवार को एक आरोपी पप्पू मंडल को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया।
सरायकेला के एसपी कार्तिक एस खुद मामले की जांच कर रहे हैं। सरायकेला थाना में दर्ज प्राथमिकी में तबरेज की पत्नी शाइस्ता परवीन ने कहा कि उसके पति तबरेज अंसारी 17 जून की रात को दो साथियों के साथ बाइक से जमशेदपुर के आजादनगर लौट रहे थे।
धातकीडीह गांव के पास पप्पू मंडल एवं अन्य ने चोरी के संदेह में उन्हें पकड़ लिया और खंभे से बांधकर पीटा। इस दौरान धार्मिक नारा लगाने के लिए भी मजबूर किया गया। लोगों की पिटाई से वह गंभीर रूप से घायल हो गये।बाद में पुलिस ने चोरी के मामले में उन्हें जेल भेज दिया। दो दिन बाद तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।