झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले छह विपक्षी विधायकों ने बुधवार को सत्तारूढ़ भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा में शामिल होने वाले छह विधायकों में से तीन कांग्रेस से, दो झारखंड मुक्ति मोर्चा से और एक एआईएफबी का है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक कुणाल सारंगी, जेपी भाई पटेल, चमरा लिंडा, कांग्रेस के विधायक सुखदेव भगत और मनोज यादव, नव जवान संघर्ष मोर्चा के विधायक भानु प्रताप शाही ने बुधवार को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी के सूत्रों ने बताया कि यहां पार्टी कार्यालय में कांग्रेस से सुखदेव भगत और मनोज यादव, झामुमो से कुणाल सारंगी और निर्दलीय विधायक भानुप्रताप शाही मुख्यमंत्री रघुवर दास की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। इस अवसर पर राज्य में पार्टी के चुनाव सह प्रभारी नंद किशोर यादव और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा भी मौजूद थे।
सूत्रों के अनुसार, समझा जाता है कि झामुमो के एक अन्य विधायक जयप्रकाश भाई पटेल को भी बुधवार को पार्टी में शामिल होना था लेकिन वह यहां नहीं आए। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि झारखंड पुलिस के पूर्व महानिदेशक डीके पांडे भी भाजपा में शामिल हो गए हैं।