रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड मंत्रालय में स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। झारखंड स्थापना दिवस पूरे राज्य व यहां के निवासियों के लिए गौरव का दिन है। 15 नवंबर को झारखंड को पूरी तरह से खुले में शौच मुक्त करने की घोषणा की जाएगी। इसके अलावा भवन निर्माण विभाग द्वारा लगभग एक हजार करोड़ रुपए के निर्माण की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। झारखंड सम्मान समारोह के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
राजस्व विभाग में राजस्व कर्मचारियों का आमीन के बीच तथा नव चयनित शिक्षकों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाएगा। बैंकों द्वारा मुद्रा लोन व विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच लगभग दो हजार करोड़ रुपए की परिसंपत्ति का वितरण किया जाएगा। झारखंड स्टेट लाइव हुड प्रमोशन सोसाइटी के अंतर्गत महिला लाभुकों के बीच मुर्गी पालन के लिए अनुदान राशि का वितरण भी किया जाएगा। कोडरमा, देवघर, हजारीबाग व लोहरदगा को पूर्ण विद्युतीकरण जिला भी घोषित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने चारों जिला में अलग से कार्यक्रम कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा की स्थापना दिवस पूरे राज्य का कायक्रम है। इसमें सभी लोग बढ़.चढक़र हिस्सा लें। यह कोई दल या वर्ग का उत्सव नहीं बल्कि झारखंड के अलग होने के 18 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव है। बैठक में मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह समेत राज्य सरकार के आला अधिकारी उपस्थित थे।