भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज तमिलनाडु की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई। तमिलनाडु को मंदिरों की भूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि समृद्ध संस्कृति, स्थापत्य सौंदर्य, क्रांतिकारियों, स्वतंत्रता सेनानियों, महान प्रशासकों और दुनिया भर के उद्ममियों से यह प्रदेश भरा हुआ है।
जेपी नड्डा ने कहा कि लॉकडाउन, राजनीतिक दलों के लिए भी लागू था, लेकिन तमिलनाडु में बीजेपी ने जरूरतमंदों के लिए काम करना जारी रखा और सुनिश्चित किया कि हर किसी को सुविधा पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी के गतिशील नेतृत्व में, देश कोविड 19 से लड़ने के लिए तैयार हो गया।
उन्होंने देश और 130 करोड़ भारतीयों को महामारी से लड़ने के लिए तैयार करने का साहसिक और सामयिक निर्णय लिया। जब कोरोना महामारी शुरू हुई थी, तब शून्य से आज भारत में 15 सौ से भी अधिक कोविड अस्पताल हैं। साढ़े 12 लाख से अधिक कोविड बेड आज भी उपलब्ध हैं।
जे.पी. नड्डा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर भारत में निर्मित 50 हजार वेंटिलेटर आज सेवा में हैं। पहले भारत में पीपीई किट बनाने की कोई सुविधा नहीं थी। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित किया। जिससे देश में प्रतिदिन पांच लाख पीपीई किट का उत्पादन हो रहा है।
जेपी नड्डा ने नेशनल एजूकेशन पॉलिसी पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा, नेशनल एजूकेशन पॉलिसी के तहत, अमीर और गरीब दोनों गुणात्मक और सस्ती शिक्षा प्राप्त करने जा रहे हैं। स्वीकार्यता में भी सुधार हुआ है। क्योंकि स्थानीय भाषाओं को कक्षा आठ तक की शिक्षा के माध्यम के रूप में उपयोग किया जाना निर्धारित किया गया है। वहीं द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (DMK) को विकास विरोधी करार देते हुए उन्होंने कहा कि डीएमके राष्ट्रीय भावना के खिलाफ भावनाओं को उकसा रही है।