भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा है कि जब वे राज्य की मुख्यमंत्री थीं, उस समय वे कैलाश विजयवर्गीय पर बहुत भरोसा करती थीं। उमा भारती ने मंगलवार रात विधानसभा क्षेत्र इंदौर दो और इंदौर तीन के पार्टी प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालय का उदघाटन किया।
इस मौके पर वरिष्ठ नेता एवं राज्य के पूर्व मंत्री विजयवर्गीय भी मौजूद थे। उमा ने कहा कि दिसंबर 2003 के विधानसभा चुनाव के बाद जब वे मुख्यमंत्री बनीं, उस समय उनके मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सबसे अधिक भरोसमंद व्यक्तियों में शामिल थे। जब भी कोई कठिन कार्य आता तो, वे विजयवर्गीय को सौंपा करती थीं।
वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय ने उनका बहुत साथ दिया और जब वे भाजपा से बाहर थीं, तब भी विजयवर्गीय का साथ छूटा नहीं था। उन्होंने कहा कि इंदौर तीन विधानसभा क्षेत्र से कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र आकाश और इंदौर दो विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी रमेश मेंदोला चुनाव लड़ रहे हैं और इन्हें जिताना सभी पार्टीजनों की जिम्मेदारी है।
उमा भारती ने कांग्रेस के वचनपत्र में सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं पर प्रतिबंध लगाने संबंधी मामले का जिक्र किया और कहा कि ऐसा सोचने वालों को संघ की शाखाओं में जाना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



