बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत और शिवसेना की अगुवाई वाली महाराष्ट्र सरकार के बीच तनाव लगातार बरकरार है। दोनों तरफ से विवादों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच अभिनेत्री रविवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलने पहुंची है। राजभवन में कंगना रनौत की राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से बातचीत जारी है।
ऐसा माना जा रहा है कि कंगना मुंबई से जाने से पहले राज्यपाल से मिलकर उन्हें राज्य सरकार के साथ चल रहे तनाव को लेकर अवगत कराएंगी। जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर को कंगना को शहर से बाहर जाना है। बता दें कि कंगना और राज्य सरकार के बीच तनाव तब शुरू हुआ जब उन्होंने मुंबई के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की। कंगना ने मुंबई शहर की तुलना पाक अधिकृत कश्मीर से की और शहर की पुलिस फोर्स को ‘झूठा’ कहा।
वहीं शिवसेना नेता संजय राउत और कंगना के बीच तीखी टिप्पणियां होने के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने उनके ऑफिस की इमारत में तोड़फोड़ की। इसी दौरान कंगना 9 सितंबर को केंद्र सरकार द्वारा दी गई वाई-प्लस सुरक्षा के बीच मुंबई पहुंची थीं।