मनाली रवाना होने से पहले कंगना ने दोहराई PoK वाली बात, लिखा-भारी मन से लौट रही हूं घर

Summary :

कंगना रनौत ने शिवसेना पर ज़ोरदार तंज कसा। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा कि मुझे कमज़ोर समझ कर बहुत बड़ी भूल कर रहे हैं!

मनाली अपने घर के लिए रवाना होने से पहले अभिनेत्री कंगना रनौत ने एक बार फिर मुंबई के PoK होने वाली बात दोहराई। इसके साथ ही उन्होंने शिवसेना पर ज़ोरदार तंज कसा। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा कि मुझे कमज़ोर समझ कर बहुत बड़ी भूल कर रहे हैं! 
कंगना ने अपने ट्वीट में कुछ पंक्तियां लिखते हुए कहा, जब रक्षक ही भक्षक होने का एलान कर रहे हैं धड़ियाल बन लोकतंत्र का चीरहरण कर रहे हैं,मुझे कमज़ोर समझ कर बहुत बड़ी भूल कर रहे हैं! एक महिला को डरा कर उसे नीचा दिखाकर, अपनी इमेज को धूल कर रहे हैं!! अभिनेत्री ने इस ट्वीट के जरिए शिवसेना पर तीखा हमला किया।


वहीं मुंबई से रवाना होने से पहले उन्होंने लिखा, भारी मन के साथ मुंबई से जा रही हूं। जिस तरह से मुझे इन दिनों लगातार हमलों से आतंकित किया गया, गालियां दी गईं, मेरे ऑफिस के बाद घर को तोड़ने की कोशिश की गई, मेरे चारों ओर घातक हथियारों के साथ सतर्क सुरक्षा। कहना होगा कि पीओके वाली मेरी बात सही थी।

गौरतलब है कि अभिनेत्री कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल ने रविवार दोपहर राजभवन में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात कर अपने और सत्तारूढ़ दल शिवसेना के बीच तनाव के मुद्दे पर बात कीं। 9 सितंबर को कड़ी सुरक्षा के बीच कंगना मुंबई पहुंची थीं। उसी दिन, बीएमसी ने अवैध निर्माण का हवाला देते हुए उनके दफ्तर को नुकसान पहंचाया गया था। 

Desk Team