कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया और दो निर्दलीय विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इस बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार में आर शंकर और एच नागेश को कैबिनेट रैंक के मंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई। राज्यपाल वजूभाई वाला ने राजभवन में हुये एक समारोह में इन दोनों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शंकर इससे पहले भी कुमारस्वामी सरकार में मंत्री रह चुके हैं लेकिन दिसम्बर में हुये फेरबदल में उन्हें बाहर कर दिया गया था। इसके बाद शंकर और नागेश भाजपा के साथ चले गए थे और उन्होंने राज्यपाल को लिख कर दिया था कि वे कुमारस्वामी सरकार से समर्थन वापस ले रहे हैं।
जब जद (एस)-कांग्रेस गठबंधन सरकार को गिराने में भाजपा नाकाम रही तो पलटी मारते हुए दोनों विधायक एकबार फिर से सत्तारूढ़ गठबंधन के करीब आ गए। कुमारस्वामी का यह कदम सरकार को और स्थिरता प्रदान करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। दोनों को जद (एस) और कांग्रेस के कोटे से मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है ताकि उनके फिर से पाला बदलने की संभावना खत्म की जाए।


Download Android App
Download iOS App



