लखीमपुर खीरी घटना पर सियासत का पारा समय के साथ बढ़ता जा रहा है। घटना को लेकर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा के खिलाफ FIR दर्ज हो चुकी है। लेकिन अभी तक आशीष की गिरफ्तारी नहीं होने पर महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक ने सवाल खड़े किए हैं।
नवाब मलिक ने बुधवार को पूछा कि मुकदमा दर्ज़ होने के बाद केंद्रीय गृहराज्य मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो रही है? एनसीपी नेता ने पूछा कि क्या देश का गृहमंत्री हत्या करवाएगा, लोगों को उकसाएगा तो उनके लिए अगल कानून है? आशीष मिश्रा की गिरफ्तार की मांग करते हुए उन्होंने कहा, मामले में तत्काल गिरफ्तारी हो और अजय मिश्रा को मंत्री पद से बर्खास्त किया जाए।
आशीष मिश्रा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
एफआईआर में आशीष मिश्रा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। यूपी पुलिस की एफआईआर के मुताबिक, आशीष मिश्रा उस कार में बैठा था जिसने किसानों को कुचल दिया था। इतना ही नहीं, आशीष मिश्रा के ऊपर गोलियां चलाने का भी आरोप है।
लखीमपुर खीरी घटना पर लखनऊ ADG एस.एन.सबत ने कहा, इस मामले में कार्रवाई चल रही है। हमारे पास बहुत सारे तस्वीरें हैं और हमने मीडिया में दिया हुआ है कि अगर किसी के पास वास्तविक तस्वीर है तो वो हमें उपलब्ध कराएं ताकि वो तस्वीरें हमें जांच में काम आए।
लखीमपुर खीरी यात्रा के लिए लखनऊ पहुंचे रहे राहुल गांधी को एयरपोर्ट पर रोकेगा प्रशासन
गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया क्षेत्र में रविवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के पैतृक गांव के दौरे के विरोध को लेकर भड़की हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में मिश्रा के बेटे आशीष समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



