राजद ने कहा है कि लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन और गठबंधन भागीदारों पर पार्टी के प्रमुख लालू प्रसाद यादव का निर्णय अंतिम होगा। राजद के केंद्रीय संसदीय बोर्ड में यह फैसला लिया गया। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10 सर्कुलर रोड आवास पर बिहार और झारखंड की प्रदेश इकाइयों की भी बैठक हुई।
राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य मनोज झा ने बताया कि पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड ने सर्वसम्मति से लालू प्रसाद को लोकसभा चुनावों और विधानसभा उपचुनावों में उम्मीदवारों के चयन के लिए अधिकृत किया है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता ने बताया, “इसके अलावा पार्टी प्रमुख को लोकसभा चुनाव के लिए समान सोच वाले दलों के साथ तालमेल या गठबंधन को अंतिम रूप देने के लिए भी अधिकृत किया गया है।” चारा घोटाला मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद प्रसाद रांची में सजा काट रहे हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि राजद के नेता हर शनिवार को जेल में लालू से मिलते हैं जहां उन्हें ताजा घटनाक्रम से वाकिफ कराया जाता है ।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधानपार्षद कमर आलम के साथ झा ने कहा कि राजद की बिहार और झारखंड प्रदेश इकाई ने प्रस्ताव पारित किया और केंद्रीय संसदीय बोर्ड को अवगत कराया कि उम्मीदवारों और गठबंधन भागीदारों के चयन को लेकर पार्टी में प्रसाद का फैसला अंतिम होगा।


Download Android App
Download iOS App




