गुजरात में बीते रविवार को स्थानीय नगर पालिकाओं, जिला एंव तालुका पंचायतों में हुए चुनावों में सत्तारूढ़ पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को शुरूआती बढ़त मिल रही है। राज्य चुनाव आयोग के आंकेड़ों के मुताबिक, 2,085 सीटें जीतकर भाजपा ने अभी तक अच्छी-खासी बढ़त बनाई हुई है। वहीं, कांग्रेस ने अब तक 602 सीटें जीती हैं। मंगलवार दोपहर एक बजे तक कुल 8,474 सीटों में से 2,771 सीटों के नतीजे घोषित हुए हैं। जानकारी के अनुसार, राज्य में 81 नगर पालिकाओं, 31 जिला पंचायतों और 231 तालुका पंचायतों के लिए चुनाव को लेकर मतगणना सुबह नौ बजे से जारी है।
राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने बताया कि तीनों स्थानीय निकायों में कुल 8,474 सीटें हैं। 237 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। तालुका पंचायतों की दो सीटों और नगर पालिकाओं की 24 सीटों के लिए उपचुनाव भी हुए। एसईसी ने बताया कि मंगलवार दोपहर एक बजे तक उपलब्ध नतीजों के अनुसार भाजपा ने सभी स्थानीय निकाय संस्थाओं में अब तक 2,085 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस ने 602 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके अनुसार आम आदमी पार्टी ने 15 सीटें, बहुजन समाज पार्टी ने पांच सीटें जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने 42 सीटों पर जीत दर्ज की है। नगर पालिकाओं में भाजपा ने अब तक 803 सीटें और कांग्रेस ने 159 सीटें जीती हैं। जिला पंचायतों में भाजपा ने अब तक 803 सीटें और कांग्रेस ने 55 सीटें जीती हैं।
तालुका पंचायतों में भाजपा ने अब तक 1,036 सीटें और कांग्रेस ने 388 सीटें जीती हैं। राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) ने बताया कि गुजरात में 542 मतगणना केंद्रों पर हो रही मतगणना के लिए 58,000 से अधिक चुनावकर्मी और पुलिसकर्मी तैनात किये गए हैं।