पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस फिर से सत्ता पर काबिज होती दिख रही है। मतगणना के रुझानों में रविवार को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को विशाल बढ़त मिलने के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज किया है। विधानसभा चुनाव के लिए उपलब्ध ताजा आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में 292 विधानसभा सीटों में 284 सीटों के लिए उपलब्ध रुझानों में टीएमसी 202 जबकि भाजपा 77 सीटों पर आगे चल रही है।
बंगाल चुनाव के नतीजों के ऐलान से पहले ही पश्चिम बंगाल में जीत की ओर अग्रसर टीएमसी को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बधाई दी है। इसके अलावा उन्होंने पीएम मोदी और भाजपा पर जमकर निशाना भी साधा है। उन्होंने ट्ववीट कर कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की नफ़रत की राजनीति को हराने वाली जागरुक जनता, जुझारू सुश्री ममता बनर्जी जी व टीएमसी के समर्पित नेताओं व कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई! ये भाजपाइयों के एक महिला पर किए गए अपमानजनक कटाक्ष ‘दीदी ओ दीदी’ का जनता द्वारा दिया गया मुंहतोड़ जवाब है।”
यादव ने हैशटैग ‘दीदी_जिओ_दीदी’ का भी इस्तेमाल किया। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी को कड़ी टक्कर देने का मंसूबा लिए भाजपा ने खासा आक्रामक चुनाव प्रचार किया था, मगर मतगणना के रुझानों में वह टीएमसी से काफी पीछे है।
हालांकि, मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी नंदीग्राम में भाजपा के अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी शुभेंदु अधिकारी से 8,000 से अधिक मतों से पीछे चल रही हैं। टीएमसी भारी जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही है और अगर मौजूदा रुझान बरकरार रहते हैं तो पार्टी राज्य में लगातार तीसरी बार आसानी से सरकार बना लेगी। विधानसभा चुनावों में सबसे ज्यादा चर्चा पश्चिम बंगाल के चुनाव की रही।
वहां पर तृणमूल कांग्रेस ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अगुवाई में आक्रामक चुनाव प्रचार किया तो भाजपा ने वहां पहली बार सत्ता में आने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के कई दूसरे बड़े चेहरों ने पश्चिम बंगाल में धुआंधार चुनाव प्रचार किया। कई दशकों तक पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज रहे वाम दलों और कांग्रेस का इस चुनाव में सफाया हो गया।
शुरुआत के कुछ चरणों की मतगणना के रुझानों में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम में संघर्ष करती नजर आईं। वह अपने पूर्व सहयोगी और अब भाजपा में शामिल हो चुके शुभेंदु अधिकारी से पीछे चल रही हैं। पश्चिम बंगाल में मत प्रतिशत की बात करें तो तृणमूल कांग्रेस 48.5 प्रतिशत वोट हासिल करती दिख रही है। भाजपा को 37.4 प्रतिशत वोट मिलता नजर आ रहा है।