कोरोना महामारी के मद्देनजर महाराष्ट्र में लॉकडाउन को 15 दिनों के लिए और बढ़ा दिया है। अब 1 जून, 2021 की सुबह 7 बजे तक लॉकडाउन लगाने का ऐलान हुआ है। इससे पहले के आदेशों के मुताबिक 15 मई, 2021 तक लॉकडाउन था। बता दें कि लॉकडाउन पुराने नियम पहले की तरह ही जारी रहेंगे लेकिन अब महाराष्ट्र में किसी भी ट्रांसपोर्ट मोड से प्रवेश करने के लिए RT-PCR की 48 घंटे पहले की नेगेटिव रिपोर्ट जरूरी होगी। यह नियम पहले कोरोना संक्रमित इलाकों से आने वाले लोगों पर लागू था लेकिन अब इसे पूरे देश से आने वाले नागरिकों पर लागू किया गया है।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे के मुताबिक राज्य के कई जिलों में लगातार कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। यही वजह है कि फिर से लॉकडाउन को बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया था। कैबिनेट मीटिंग में कहा गया था कि संक्रमण को देखते हुए अगले 15 दिनों के लिए लॉकडाउन को फिर से बढ़ा दिया जाए। कैबिनेट मीटिंग में लॉकडाउन नियमों को 16 से 30 मई तक बढ़ाए जाने का प्रस्ताव दिया गया था।
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के मामलों में पहले से कमी आई है। ये लगातार प्रतिबंधों और लॉकडाउन की वजह से ही संभव हो पाया है। सरकार ने एक बार फिर से लॉकडाउन को आगे बढ़ा दिया है। भले ही महाराष्ट्र में कोरोना के मामले पहले से कम हुए हों लेकिन लगातार हो रही मौतों से चिंता अब भी कम नहीं हो रही है।
पिछले 24 घंटों में राज्य में 46,781 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 816 मरीजों की जान जा चुकी है। लगातार बड़ी संख्या में हो रही मौतें चिंता का विषय बनी हुई हैं। राज्य में फिलहाल 52,26,710 संक्रमित मरीज हैं। वहीं अब तक वायरस की वजह से करीब 78 हजार लोगों की जान जा चुकी है।