हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी): गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शिरकत की। हरिद्वार पहुंचने पर शाह का सीएम धामी व अन्य नेताओं ने स्वागत किया। इस दौरान गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय ने अमित शाह को विद्या मार्तंड की मानद उपाधि से सम्मानित किया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दीक्षांत समारोह में 182 छात्रों को गोल्ड मेडल प्रदान किये।
इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए विश्वविद्यालय में रामनवमी की शुभकामना के साथ संबोधन की शुरूआत की। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि उन्हें उम्मीद हैं कि अगली रामनवमी तक भगवान राम अपने मंदिर में विराजमान हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि आप सभी छात्रों को हमेशा ही अपने संस्थान पर गर्व रहेगा। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी पिछले 100 सालों से अपने सिद्धांतों पर चल रहा है। उन्होंने कहाकि आज गुरुकुल कांगड़ी एक वटवृझ बनकर हमारी पुरानी शिक्षा पद्धति को देश और दुनिया में फैला रहा है। गुरुकुल कांगड़ी ने वैदिक शिक्षा की परंपरा की जोत को जलाये रखा है। स्वामी श्रद्धानंद ने गुरुकुल कांगड़ी से एक अभियान शुरू किया। यहां के छात्र आज देश दुनिया में उनके अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने नई शिक्षा नीति को लेकर युवाओं को जानकारी देने के साथ ही उन्होंने स्टार्ट अप को लेकर भी बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने भारत और भारतीयता को दुनिया में नये मुकाम पर पहुंचाया है।
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में सीएम धामी ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि ये हमारे लिए बहुत गौरव का विषय है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज हमारे बीच पहुंचे हैं। उन्होंने कहा अमित शाह के गृहमंत्री बनने के बाद देश में आतंकवाद, नक्सलवाद की घटनाओं पर रोक लगी है। उन्होंने कहा कि आज देश सुरक्षित हाथों में हैं। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के 113वें दीक्षांत समारोह में गृहमंत्री अमित शाह ने 182 छात्रों को गोल्ड मेडल देने के साथ ही 181 छात्र-छात्राओं को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई।
इस अवसर पर कुलाधिपति डा. सत्यपाल सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री व हरिदां डा. रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद तहरथ सिंह रावत, कुलपति सोमदव शतांशु आदि अनेक मौजूद रहे।