मध्य प्रदेश के मुरैना में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद ईमारत ढह गई, जिसमें 3 व्यक्ति की मौत और सात लोग घायल हुए है। वहीं मलबे में आधा दर्जन से अधिक लोगों के दबे होने की भी आशंका जताई गई है। फिलहाल लोगों को मलबे से निकालने का काम किया जा रहा है।
ब्लास्ट की घटना मुरैना के बानमौर नगर में जैतपुर रोड पर हुई है। बताया गया है कि यहां अचानक पटाखों के गोदाम में विस्फोट हो गया। ब्लास्ट होते ही पूरी ईमारत भरभरा कर गिर गई। जिसके बाद वहां रह रहे लोग घायल हो गए, जबकि तीन लोगों की मौत हुई है।
ब्लास्ट पर चंबल रेंज के IG राजेश चावला ने कहा कि मुरैना में बनमोर थाना क्षेत्र में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। विस्फोट होने से 3 लोगों की मृत्यु हुई है और 7 घायल हुए हैं। लोगों के मलबे में भी दबे होने की आशंका है। फिलहाल बचाव एवं राहत कार्य जारी है।
जानकारी के मुताबिक, गोदाम के मालिक बानमौर निवासी व्यवसायी निर्मल जैन हैं। इस ईमारत में कई किराएदार भी रह रहे थे। घटना की सूचना पाकर पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। प्रशासन स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का काम कर रहे हैं।