कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात का समय मिलने के बाद आज अपना धरना समाप्त कर दिया है। दिग्विजय सिंह को 23 जनवरी यानी रविवार को मुलाकात का समय दिया गया है।
दिग्विजय सिंह से धरनास्थल पर मुख्यमंत्री सचिवालय के एक अधिकारी ने फ़ोन पर चर्चा में कहा कि शिवराज सिंह चौहान उनसे रविवार (23 जनवरी) को लगभग 12:00 बजे मिलेंगे। दिग्विजय ने इस बातचीत का हवाला देते हुए धरनास्थल पर मीडिया से कहा कि अब वे आज धरना समाप्त कर रहे हैं।
दिग्विजय ने कहा कि वे टेम और सिठोलिया परियोजना से प्रभावित किसानों के साथ मुख्यमंत्री से मिलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे पिछले एक डेढ़ माह से सीएम शिवराज से मिलने का समय मांग रहे हैं। लेकिन अब तक मिलने में सफल नहीं हो पाए हैं। उनके अनुसार दो दिन पहले उनसे कहा गया था कि शिवराज सिंह 21 जनवरी को लगभग सवा 11 बजे उनसे मिलेंगे, लेकिन एक दिन पहले यह मुलाकात रद्द कर दी गयी। इसलिए वे आज यहां धरने पर बैठने मजबूर हुए थे।
शिवराज का पूरा तंत्र बेशर्मी पर उतरा,
― किसानों से मिले नहीं और अब राज्यसभा सदस्य और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जी का फ़ोन तक नहीं उठा रहे।शिवराज जी,
कब तक लोकतंत्र का हनन करोगे..?“शर्म करो शवराज” pic.twitter.com/WwBxDGhvcJ
— MP Congress (@INCMP) January 21, 2022
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने सुबह 11:00 बजे के बाद धरना दिया था और जो लगभग दो बजे बाद समाप्त हो गया। उनके साथ राजगढ़, विदिशा, गुना और भोपाल जिले के जनप्रतिनिधि और किसान भी मौजूद रहे। इसके पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी यहां धरनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने दिग्विजय का समर्थन किया था।
इसके पहले आज धरना और मुलाकात को लेकर उस समय राजनीति गर्मा गयी, जब कमलनाथ और शिवराज सिंह चौहान की स्टेट हैंगर पर ‘मुलाकात’ हुई और दोनों नेता अकेले में 20 मिनट से अधिक समय तक बतियाते रहे। शिवराज हेलीकॉप्टर से भोपाल से देवास जिले की यात्रा पर जाने के लिए और कमलनाथ छिंदवाड़ा से भोपाल लौटते वक्त स्टेट हैंगर पर पहुंचे थे, तभी दोनों नेताओं की यहां संयोगवश मुलाकात हुई, जो 20 मिनट से अधिक समय तक चली।
मध्यप्रदेश : मुख्यमंत्री शिवराज ने हेमू कलाणी एवं रास बिहारी बोस को किया नमन, कहा- आपका योगदान अविस्मरणीय है
इस मुलाकात की खबर मीडिया में तुरंत फैल गई और कमलनाथ स्टेट हैंगर से धरनास्थल पहुंचे और दिग्विजय सिंह के साथ धरने पर कुछ देर बैठकर बात की। उन्होंने मीडिया से कहा कि शिवराज सिंह ने उनसे कहा था कि दिग्विजय धरना दे रहे हैं, जबकि वे उनसे मिलने के लिए राजी हैं। कमलनाथ के अनुसार उन्होंने शिवराज सिंह से कहा कि वे इस संबंध में दिग्विजय से चर्चा करेंगे।
कमलनाथ ने कहा कि लेकिन जब उन्होंने सिंह से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि वे पिछले डेढ़ माह से मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांग रहे हैं। और आज का समय देने के बाद भी उसे रद्द कर दिया गया था। इसलिए वे यहां धरने पर बैठने को मजबूर हुए। कमलनाथ ने कहा कि वे दिग्विजय सिंह और किसानों के साथ हैं।
इसी दौरान कमलनाथ मीडिया के सवाल पर उस समय भड़कते हुए नजर आए, जब पत्रकारों ने बार बार उनसे कहा कि श्री चौहान ने उन्हें मिलने का समय दे दिया और सिंह को नहीं दिया। कमलनाथ ने तेज आवाज में कहा कि शिराज सिंह ने उन्हें समय नहीं दिया। वे छिंदवाड़ से लौट रहे थे और शिवराज सिंह देवास जिले की यात्रा पर जाने वाले थे और इसी दौरान स्टेट हैंगर पर दोनों की मुलाकात हो गयी।
दिग्विजय सिंह ने कल ही घोषणा कर दी थी कि वे मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करेंगे और मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं होने पर वहीं पर धरना देंगे। इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने मुख्यमंत्री निवास और श्री सिंह के निवास के आसपास लगभग एक किलोमीटर के दायरे में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध कर लिए थे। दिग्विजय सिंह को मुख्यमंत्री निवास के काफी पहले ही रोक दिया गया और वे वहीं पर अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए थे।