‘बेटा-बेटी एक समान’ की धारणा वाले समाज में आज भी बेटी को अभिशाप माना जाता है। आज भी 21वीं शताब्दी के भारत में बेटी पैदा होने पर उसकी या उनको जनने वाली नारी की हत्या कर दी जाती है। मध्य प्रदेश में बेटी पैदा होने पर एक महिला की हत्या कर दी गई। घटना शिवपुरी जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर धमधौली गांव में गुरुवार को हुई।
सीहोर थाना निरीक्षक रामराजा तिवारी ने दर्ज मामले के आधार पर शुक्रवार को बताया कि सावित्री बघेल की उसके पति रतन सिंह, ससुर के. सिंह और सास बेनू बाई ने गुरुवार को गला दबाकर हत्या कर दी। क्योंकि महिला ने तीन बेटियों के बाद चौथी बेटी को जन्म दिया।
माता बनी कुमाता, कार के लिए पति के साथ मिलकर अपने तीन महीने के बच्चे का किया सौदा
सीहोर थाना निरीक्षक ने कहा कि मृतका के भाई कृष्णा के अनुसार उसकी बहन सावित्री की शादी रतन से करीब छह साल पूर्व हुई थी और तभी से रतन और उसके माता-पिता दहेज के लिए सावित्री को प्रताड़ित किया करते थे तथा उसे बेटियां होने पर कोसते थे।
उन्होंने बताया कि मृतका के भाई ने कहा है कि तीन महीने पहले सावित्री ने चौथी बेटी को जन्म दिया था और इस कारण आरोपियों ने गत गुरुवार को गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि तीनों आरोपियों पर भादंवि की धारा 302 (हत्या) एवं 304 बी (दहेज मृत्यु) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अभी किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।