शिवसेना के नेता और पहली बार विधायक बने आदित्य ठाकरे ने सोमवार को महाराष्ट्र में कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता लोगों की समस्याओं का समाधान करना होगा। मुंबई के वर्ली से 29 वर्षीय विधायक आदित्य अपने पिता उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली महाराष्ट्र विकास आघाडी सरकार में कैबिनेट स्तर के सबसे युवा मंत्री हैं।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद संवाददाताओं से विधायक ने कहा, ‘‘मैं लोगों के लिए काम करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहूंगा। मैं मानता हूं कि तीनों दल (शिवसेना, राकांपा, कांग्रेस) मिलकर काम करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं खुश हूं कि जो लोग सच्चाई पसंद करते हैं वे हमारे साथ हैं। हम सच्चाई के साथ हैं। हम ‘सत्यमेव जयते’ का अनुसरण करते हैं। तीनों दलों के बीच विश्वास की कमी नहीं है।’’
अपना पूरा नाम ‘आदित्य रश्मि उद्धव ठाकरे’ लेने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘मेरी मां खुद को राजनीति से दूर रखती है। मेरे विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय करने से पहले उन्होंने मुझसे भी पूछा था कि क्या मैं राजनीति में आने के लिए तैयार हूं।’’


Download Android App
Download iOS App



