महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बाढ़ और भारी बारिश के बाद चारों ओर तबाही का मंजर है। राज्य के जिलों में मूसलाधार बारिश के बाद पहाड़ियों के खिसकने और अन्य कई घटनाओं में 130 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के इन भयावह हालातों का जायजा लेने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आज महाड का दौरा करेंगे।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आज दोपहर 12:00 बजे मुंबई से हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित महाड़ के लिए रवाना हो गए। वह अपनी यात्रा के दौरान बाढ़ प्रभावित तलिये गांव का भी दौरा करेंगे। राहत एवं पुनर्वास विभाग के मुताबिक सांगली और रायगढ़ में बाढ़ में 76 लोगों और 75 जानवरों की मौत हो चुकी है। कुल 38 लोग घायल हुए और 30 लोग लापता हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों से 90,000 लोगों को निकाला गया है।
वहीं रायगढ़ जिले में तलाई गांव के नजदीक भूस्खलन होने के कारण अबतक 49 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि भूस्खलन की इस घटना में अब भी 47 लोग लापता हैं और 12 घायलों का अस्पताल में इलाज हो रहा है। इधर, मलबे में फंसे लोगों की जिंदगी को बचाने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है और माना जा रहा है कि मौत के आंकड़ों में अभी और इजाफा होगा।
पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे मंडल में भारी बारिश और नदियों के उफान पर होने के चलते 84,452 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें 40,000 से अधिक लोग कोल्हापुर जिले से हैं। कोल्हापुर शहर के पास पंचगंगा नदी 2019 में आई बाढ़ के स्तर से भी ऊपर बह रही है।