महाराष्ट्र CM की पत्नी अमृता फडणवीस ने क्रॉस की क्रूज की सेफ्टी लाइन, ली सेल्फी

Summary :

अमृता फडणवीस के पीछे खड़े सुरक्षागार्ड ने भी उनसे किनारे न बैठने के लिए कहा, हालांकि अमृता फडणवीस वहां बैठी रहीं और अपने मोबाइल से सेल्फी लेती दिखाई दीं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को मुंबई पोर्ट पर नए डमेस्टिक क्रूज टर्मिनल और मुंबई-गोवा के बीच पहले क्रूज का उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी अमृता फडणवीस और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद देवेंद्र फडणवीस ने अपनी पत्नी अमृता के साथ क्रूज की सैर की।

कार्यक्रम के एक दिन बाद अमृता फडणवीस का एक विडियो सामने आया है जिसमें वह सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर क्रूज के किनारे पर बैठी और सेल्फी लेती नजर आईं। इस सेल्फी के चक्कर में अमृता फडणवीस विवाद में फंस गई हैं। एक महिला सुरक्षाकर्मी ने अमृता को आगाह भी किया लेकिन उन्होंने किसी की बात नहीं सुनी।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अमृता फडणवीस के पीछे खड़े सुरक्षागार्ड ने भी उनसे किनारे न बैठने के लिए कहा, हालांकि अमृता फडणवीस वहां बैठी रहीं और अपने मोबाइल से सेल्फी लेती दिखाई दीं। बता दें कि ‘आंग्रिया’ क्रूज देश का पहला घरेलू क्रूज है जो तमाम आलीशान सुविधाओं से लैस है। यह क्रूज गोवा और मुंबई की दूरी करीब 14 घंटे में तय करेगा।

क्रूज में डॉरमेटरी बुक कराने के लिए यात्रियों को 6 हजार रुपए चुकाने होंगे। 10 हजार रुपए का सबसे ज्यादा किराया कपल रूम के लिए है। पूरे क्रूज में 104 कमरों के साथ 8 अलग-अलग श्रेणियां बनाई गई हैं। सबसे खास बात यह है कि क्रूज में अंदर-अंदर सिवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगा है, ताकि कचरा समुद्र के पानी में न छोड़ा जा सके।

Desk Team