महाराष्ट्र के नंदुरबार के पास शनिवार सुबह 12993 गांधीधाम-पुरी साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस की पेंट्री कार में आग लग गई। ट्रेन में आग लगने की घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, हादसे में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ है। वहीं आग पर भी काबू पा लिया गया है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य प्रवक्ता सुमित ठाकुर ने कहा कि गांधीधाम (गुजरात) से पुरी (ओडिशा) जाने वाली ट्रेन की पेंट्री कार में आग सुबह करीब 10.35 बजे नंदुरबार स्टेशन पहुंचने से कुछ देर पहले देखी गई। उन्होंने बताया, “पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने आग का पता लगाया और ट्रेन के कर्मचारियों ने तुरंत आग पर काबू पा लिया और आग की लपटों को आसपास के डिब्बों में फैलने से रोकने के लिए प्रभावित पेंट्री कार को अलग कर दिया।”
नंदुरबार उप स्टेशन अधीक्षक ने तुरंत आग नियंत्रण को सूचित किया, जबकि पेंट्री कार ट्रेन के 22 में से 13वें स्थान पर था। रेक के दोनों ओर से अलग कर दिया गया। पश्चिम रेलवे ने शनिवार को एक बयान में कहा कि स्टेशन और ट्रेन में उपलब्ध अग्निशामकों का इस्तेमाल आग बुझाने के लिए किया गया, जबकि स्थानीय दमकल विभाग को मदद के लिए बुलाया गया।
उन्होंने कहा कि इस घटना में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ और स्थानीय स्तर पर आग पर थोड़ी देर बाद काबू पा लिया गया। स्थानीय चश्मदीदों ने दावा किया कि यात्रियों में दहशत का माहौल था क्योंकि जलती हुई पेंट्री कार का धुआं वातानुकूलित डिब्बों में घुस गया।