महाराष्ट्र में ठाणे जिले के बदलापुर स्थित एक फक्ट्री में गैस रिसाव होने से हड़कंप मच गया। गैस रिसाव से आस-पास के तीन किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग प्रभावित हुए, हालांकि किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक घटना गुरुवार की रात करीब 22.20 बजे उस समय हुई, जब बदलापुर (पूर्व) में शिरगांव एमआईडीसी, आप्टेवाड़ के समीप नोबल इंटरमीडिएटर्स लिमिटेड औद्योगिक इकाई से गैस रिसाव हुआ। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सल्फ्यूरिक एसिड और बेंजाइल एसिड के अधिक गर्म होने के कारण रासायनिक प्रतिक्रिया हुई जिससे गैस का रिसाव हुआ।
उन्होंने बताया कि गैस रिसाव के कारण तीन किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों ने सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन की शिकायत की। घटना की सूचना मिलते ही बदलापुर नगर परिषद की दो और शिरगांव एमआईडीसी की एक दमकल मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया।
भिवंडी में कबाड़ गोदाम जलकर खाक
वहीं ठाणे जिले के भिवंडी में कबाड़ का एक गोदाम भीषण आग में जलकर खाक हो गया है। ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख संतोष कदम ने बताया कि अवचितपाडा इलाके स्थित गोदाम में देर रात एक बजे आग लगी थी। उन्होंने बताया कि भिवंडी निजामपुर शहर नगर निगम (बीएनसीएमसी) से दो और कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) से दमकल की एक गाड़ी मौके पर भेजी गई और स्थिति को काबू किया गया। उन्होंने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और आग लगने के उचित कारण का पता लगाया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



