महाराष्ट्र सरकार का फैसला : कैप्टन दीपक साठे का राजकीय सम्मान के साथ करेगी अंतिम संस्कार

Summary :

मुख्यमंत्री कार्यालय ने साठे की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका जीवन युवा पायलटों को ‘स्वोर्ड ऑफ ऑनर’ प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगा।

महाराष्ट्र सरकार ने पिछले हफ्ते केरल में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान के पायलट, कैप्टन दीपक साठे का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के कार्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मुंबई के चांदीवली के रहने वाले कैप्टन साठे (58) का अंतिम संस्कार आज दोपहर मुंबई में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने साठे की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका जीवन युवा पायलटों को ‘स्वोर्ड ऑफ ऑनर’ प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगा। चालक दल के छह सदस्यों समेत 190 लोगों के साथ दुबई से आ रहा एअर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान शुक्रवार रात भारी बारिश के बीच कोझिकोड हवाई अड्डे पर उतरने के दौरान हवाई पट्टी से फिसलने के बाद 35 फुट गहरी खाई में जा गिरा और उसके दो टुकड़े हो गए थे। उस हादसे में दोनों पायलट समेत 18 लोगों की मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, “राज्य सरकार ने दिवंगत विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) कैप्टन डीवी साठे का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने का फैसला किया है। उनका जीवन ऐसा रहा है जो कई युवा पायलटों को स्वोर्ड ऑफ ऑनर और आसमान पर अपनी पकड़ बनाने के लिए प्रेरित करेगा।” विमान हादसे के बाद, कैप्टन साठे की पत्नी सुषमा और उनका एक बेटा साठे की पार्थिव देह लेने के लिए केरल गए थे जिन्हें रविवार को एक विमान के जरिए यहां लाया गया।
उनके शव को भाभा अस्पताल लाने से पहले छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर टर्मिनल 2 के एअर इंडिया के केंद्र पर रखा गया। साठे भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर रह चुके थे और बल के उड़ान परीक्षण संस्थापन में सेवा दे चुके थे।

कोरोना वायरस : देश में पिछले 24 घंटे में 53 हजार 601 नए मरीजों की पुष्टि, 871 लोगों ने गंवाई जान

Desk Team