छत्तीसगढ़ के रायपुर में महात्मा गांधी को अपशब्द कहने के मामले में गिरफ्तार कालीचरण महाराज को हिरासत में लेने के लिए महाराष्ट्र की पुणे पुलिस ने एक टीम भेजी है। यह जानकारी सूत्रों द्वारा दी गई है। पिछले सप्ताह छत्तीसगढ़ में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक सभा (धर्म संसद) में कालीचरण महाराज ने कथित तौर पर राष्ट्रपिता के खिलाफ कुछ अपमानजनक बयान दिए थे और नाथूराम गोडसे की प्रशंसा भी की थी, जिसके बाद देश के विभिन्न हिस्सों में एक राजनीतिक विवाद पैदा हो गया था। कालीचरण को आज सुबह ही रायपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के खुजराहो में एक होटल से गिरफ्तार किया था।
महाराष्ट्र में भी हुआ था केस दर्ज
महात्मा गांधी को अपशब्द कहने और गोडसे की प्रशंसा करने के आरोप में कालीचरण महाराज के खिलाफ महाराष्ट्र के पुणे और अकोला में कई शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिसमें ठाणे में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी डॉ जितेंद्र आव्हाड द्वारा एक मामला दर्ज किया गया है तथा कालीचरण महाराज को उनके बयानों के लिए गिरफ्तार करने की मांग की गई है। महाराष्ट्र पुलिस उन्हें विभिन्न आरोपों के तहत हिरासत में लेने का इंतजार कर रही है।
विधानसभा में उठा था मुद्दा
कालीचरण द्वारा अपशब्द कहने का मामला 28 दिसंबर को समाप्त हुई महाराष्ट्र विधानसभा में भी उठा था जब सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने कालीचरण महाराज को उनके बयानों के लिए फटकार लगाई थी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।