महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद बीजेपी द्वारा जल्द ही राज्य में अगली सरकार बनाने का दावा पेश करने की संभावना है। राज्य की सत्ता में बीते दिनों मचा घमासान के बाद उद्धव ठाकरे का नाटकीय तरीके से दिए गए इस्तीफे पर कटाक्ष करते हुए बीजेपी ने कहा कि ये तो सिर्फ अभी झांकी है, मुंबई महापालिका अभी बाकी है।
मुंबई की बीजेपी इकाई ने देवेंद्र फणडवीस की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, यह तो झांकी है…. मुंबई महापालिका अभी बाकी है…!
यह तो झांकी है….
मुंबई महापालिका अभी बाकी है…!@Dev_Fadnavis @Devendra_Office @OfficeofUT pic.twitter.com/8BsMSBqR2W
— BJP Mumbai (@BJP4Mumbai) June 29, 2022
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य विधानसभा में शक्ति परीक्षण से एक दिन पहले बुधवार शाम को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद ही बीजेपी के कई विधायक और वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मुंबई स्थित आवास पर एकत्रित हुए और महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार के गिरने पर एक-दूसरे को बधाई दी।
इन नेताओं में से कई ने कहा कि फडणवीस जल्द ही राज्य की कमान संभालेंगे। पूर्व मंत्री और बीजेपी नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, ‘‘आखिरकार सच्चाई की जीत हुई।’’ बीजेपी विधायक नितेश राणे ने कहा, ‘‘फडणवीस हमेशा कहते थे कि वह सदन में लौटेंगे। अब, समय आ गया है। वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में वापसी करेंगे।’’ महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने फडणवीस को मिठाई खिलाई।