महाराष्ट्र की सियासत में उठापटक को दौर जारी है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आज 1:00 बजे शिवसेना की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। इस बीच शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा कि पार्टी के लिए हमने खून-पसीना बहाया है, इस पर कोई आसानी से डाका नहीं डाल सकता।
संजय राउत ने कहा कि हमारी आज की कार्यकारिणी की बैठक बहुत महत्वपूर्ण है। इस बैठक में कई निर्णय होंगे। ये पार्टी राज्य और देश में बहुत बड़ी पार्टी है। इस पार्टी को बनाने में बालासाहेब जी, उद्धव जी और सभी कार्यकर्ताओं ने खून-पसीना बहाया है। इस पार्टी पर कोई आसानी से डाका नहीं डाल सकता है।
महाराष्ट्र : उद्धव की बैठक से पहले एकनाथ शिंदे ने जारी किया 38 विधायकों के समर्थन का पत्र
उन्होंने कहा कि केवल पैसे के दम पर कोई पार्टी नहीं खरीद सकता है। अभी जो संकट है उसे हम संकट नहीं मानते बल्कि ये हमारे लिए पार्टी विस्तार का बहुत बड़ा मौका है। वहीं 38 विधायकों के परिवार के सदस्यों की सुरक्षा वापस लेने पर एकनाथ शिंदे के पत्र पर राउत ने कहा, आप विधायक हैं, इसलिए आपको सुरक्षा प्रदान की गई है। आपके परिवार के सदस्यों को सुरक्षा नहीं दी जा सकती।
बागी विधायक वापस आएंगे मुंबई
संजय राउत ने कहा, हमें यकीन है कि एक बार (बागी) विधायक मुंबई वापस आ जाएंगे, वे फिर से हमारे पक्ष में लौट आएंगे। मैं देवेंद्र फडणवीस (भाजपा नेता) को सलाह दूंगा कि इस मामले में शामिल न हों, और जो कुछ भी उनकी गरिमा के लिए बचा है, उसे बचाएं। हम चुनाव में एक-दूसरे को देखेंगे।
एकनाथ शिंदे ने जारी किया 38 विधायकों के समर्थन का पत्र
दरअसल, एकनाथ शिंदे की ओर से समर्थन पत्र जारी किया गया है, जिसमें 38 विधायकों के हस्ताक्षर हैं। इसके साथ ही शिंदे ने पत्र में 'दुर्भावनापूण तरीके से 38 विधायकों के परिवार के सदस्यों की सुरक्षा वापस' लिए जाने की बात कही है। उन्होंने ट्वीट किया, 'सरकार उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है।'